कोरबा। कोरबा एवं जांजगीर-चांपा जिले के सीमावर्ती क्षेत्र को जोड़ने वाला सिवनी-अमलडीहा-सुखरीकला मार्ग इन दिनों अपनी बदहाली पर आंसू बहा रहा है। जांजगीर-चांपा जिले के ग्राम सिवनी से कोरबा जिले के अमलडीहा एवं सुखरीकला तक पहुंचने वाला यह महत्वपूर्ण मार्ग वर्षों से जर्जर अवस्था में है, लेकिन लगातार बारिश के बाद इसकी स्थिति और भी खराब हो गई है।
सड़क पर जगह-जगह बड़े-बड़े गड्ढे हो जाने से राहगीरों को आवागमन में भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। ग्रामीणों का कहना है कि इस मार्ग से प्रतिदिन दोपहिया, चारपहिया सहित भारी वाहनों का आवागमन होता है, जिसके कारण सड़क पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो चुकी है। कई स्थानों पर सड़क गड्ढों में तब्दील हो गई है, जिससे दुर्घटना की आशंका लगातार बनी हुई है।
बारिश के दौरान गड्ढों में पानी भर जाने से वाहन चालकों को सड़क की वास्तविक स्थिति का अंदाजा नहीं लग पाता, जिससे हादसे का खतरा और बढ़ जाता है। स्थानीय लोगों ने बताया कि लंबे समय से सड़क मरम्मत की मांग की जा रही है, लेकिन अब तक कोई ठोस पहल नहीं की गई है। और यही मार्ग बच्चों के स्कूल जाने का एकमात्र मार्ग है।
ग्रामीणों और राहगीरों ने जिला प्रशासन एवं संबंधित विभाग से जल्द संज्ञान लेकर सड़क की मरम्मत कराने की मांग की है। लोगों का कहना है कि किसी बड़े हादसे के इंतजार के बजाय समय रहते सड़क का सुधार कार्य कराया जाए, ताकि क्षेत्रवासियों को सुरक्षित एवं सुगम आवागमन की सुविधा मिल सके।


