कोरबा जिले के करतला जनपद अंतर्गत ग्राम पंचायत फरसवानी में जर्जर शासकीय पटवारी भवन को JCB मशीन से तोड़े जाने का मामला सामने आया है। भवन जर्जर था, लेकिन उसे तोड़ने की प्रक्रिया को लेकर अब पंचायत के भीतर ही सवाल उठने लगे हैं।
दरअसल, ग्राम फरसवानी में शासकीय भवन को JCB मशीन से तोड़ा जा रहा है। बताया जा रहा है कि भवन काफी जर्जर हो चुका था लेकिन ग्राम पंचायत के दो पंचों ने आरोप लगाया है कि भवन तोड़ने को लेकर न तो कोई पंचायत प्रस्ताव तैयार किया गया और न ही उन्हें इसकी जानकारी दी गई।
मामले में पंचायत सचिव से संपर्क करने का प्रयास किया गया, लेकिन उन्होंने फोन रिसीव नहीं किया। वहीं सरपंच और उपसरपंच ने दस्तावेज मांगने पर अगले दिन पूरे दस्तावेज के साथ मिलने की बात कही है।
अब सबसे बड़ा सवाल यह है कि जब भवन जर्जर था और उसे तोड़ने की आवश्यकता थी, तो क्या इसके लिए नियमानुसार पंचायत प्रस्ताव और सक्षम अधिकारी की अनुमति ली गई थी? क्या सरपंच द्वारा बताए जाने वाले दस्तावेज इस कार्रवाई की वैधानिक प्रक्रिया स्पष्ट कर पाएंगे? फिलहाल सबकी नजर सरपंच और उपसरपंच द्वारा प्रस्तुत किए जाने वाले दस्तावेजों पर टिकी है।
अब देखना होगा कि जनपद पंचायत करतला और जिला प्रशासन इस मामले में क्या जांच और कार्रवाई करता है।



