फरसवानी। कोरबा-चांपा मुख्य मार्ग स्थित ग्राम पंचायत फरसवानी के पास शनिवार को एक सड़क हादसे में बाइक सवार दो व्यक्ति घायल हो गए। बताया जा रहा है कि बाइक सवार सड़क पर मौजूद गाय से टकरा गए, जिससे दोनों सड़क पर गिर पड़े। हादसे के बाद मौके पर लोगों की भीड़ जुट गई और तत्काल एंबुलेंस को सूचना देकर घायलों को उपचार के लिए चांपा अस्पताल भेजा गया। बताया जा रहा है कि एक व्यक्ति को हल्की चोट आई है, जबकि दूसरे की हालत गंभीर बताई जा रही है।
हादसे के बाद मौके पर पहुंचे गौसेवकों ने घायल गौवंश को भी सड़क से सुरक्षित किनारे किया और उसका प्राथमिक उपचार किया, ताकि सड़क पर दोबारा कोई दुर्घटना न हो।
एनएच की लाइट व्यवस्था को लेकर ग्रामीणों में आक्रोश
ग्रामीणों का कहना है कि कोरबा-चांपा मुख्य मार्ग के फरसवानी क्षेत्र में पर्याप्त प्रकाश व्यवस्था नहीं होने के कारण रात के समय वाहन चालकों को सड़क पर मौजूद पशु एवं अन्य बाधाएं दिखाई नहीं देतीं। इससे आए दिन सड़क हादसे होने की स्थिति बनी रहती है।
ग्रामीणों के अनुसार एनएच प्रबंधन से कई बार सड़क किनारे पर्याप्त लाइट लगाने तथा बंद पड़ी स्ट्रीट लाइटों को चालू कराने का आग्रह किया जा चुका है। कुछ स्थानों पर स्ट्रीट लाइट लगी हुई है, लेकिन अधिकांश समय लाइट बंद रहने की शिकायत ग्रामीणों द्वारा की जा रही है।
ग्रामीणों ने आरोप लगाया कि बार-बार शिकायत एवं निवेदन के बावजूद प्रकाश व्यवस्था को लेकर गंभीरता नहीं दिखाई जा रही है। ग्रामीणों का कहना है कि रात में सड़क पर पर्याप्त रोशनी नहीं होने से वाहन चालकों के साथ-साथ सड़क पर घूमने वाले मवेशियों की सुरक्षा भी खतरे में रहती है।
ग्रामीणों ने एनएच प्रबंधन से फरसवानी क्षेत्र में तत्काल पर्याप्त प्रकाश व्यवस्था करने, बंद पड़ी स्ट्रीट लाइटों को दुरुस्त कराने तथा सड़क पर घूमने वाले मवेशियों की समस्या के समाधान के लिए आवश्यक कदम उठाने की मांग की है। ग्रामीणों ने चेतावनी दी है कि यदि समस्या का जल्द समाधान नहीं हुआ तो वे इस मामले को संबंधित अधिकारियों एवं उच्च स्तर तक पहुंचाकर शिकायत करेंगे।



