कोरबा।जिले में जन्मदिन की खुशियां उस वक्त मातम में बदल गईं, जब पार्टी के दौरान शुरू हुआ विवाद एक युवक की मौत पर जाकर खत्म हुआ। घटना शुक्रवार रात करीब 11 बजे की है।
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, दीपका क्षेत्र के 10-12 युवक अपने साथी विकास हुड्डा का जन्मदिन मनाने के लिए उरगा थाना क्षेत्र स्थित मीरा रिसोर्ट पहुंचे थे। पार्टी के दौरान किसी बात को लेकर तुषार ढांडा और उज्जवल दीवान के बीच कहासुनी हो गई। साथियों ने मामला शांत कराया, लेकिन रिसोर्ट से बाहर निकलने के बाद दोनों के बीच फिर विवाद शुरू हो गया।
प्रत्यक्ष जानकारी के मुताबिक, गुस्से में तुषार ढांडा अपनी बोलेरो कैंपर में बैठा और उसने वाहन सीधे उज्जवल दीवान के ऊपर चढ़ा दिया। घटना को अंजाम देने के बाद आरोपी मौके से फरार हो गया।
घायल उज्जवल को उसके साथियों ने तत्काल जिला चिकित्सालय पहुंचाया, लेकिन उपचार के दौरान डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। घटना के बाद इलाके में सनसनी फैल गई।
पुलिस ने मामले को गंभीरता से लेते हुए थाना उरगा में हत्या की धारा के तहत अपराध दर्ज कर लिया है। फरार आरोपी की तलाश जारी है और पुलिस पूरे घटनाक्रम की जांच में जुटी हुई है।
बड़ा सवाल:क्या एक मामूली विवाद ने दोस्ती का रिश्ता खत्म कर दिया, या इसके पीछे कोई पुरानी रंजिश थी? इसका खुलासा पुलिस जांच के बाद ही हो सकेगा।



