कोरबा। जिले में अवैध रेत उत्खनन और परिवहन के खिलाफ प्रशासन लगातार कार्रवाई कर रहा है। हाल के महीनों में खनिज, राजस्व और पुलिस विभाग की संयुक्त टीमों ने कई वाहनों को जब्त कर सख्ती दिखाई है।
इसी बीच उरगा थाना क्षेत्र से अवैध रेत परिवहन का एक नया मामला सामने आया है। स्थानीय सूत्रों के अनुसार, उरगा चौक के आसपास एक ट्रैक्टर को रेत परिवहन करते देखा गया, जिसका वीडियो फुटेज भी होने का दावा किया जा रहा है। आरोप है कि ट्रैक्टर चालक खुलेआम रेत का परिवहन कर रहा था। चालक से पूछताछ करने पर उसने केवल इतना बताया कि ट्रैक्टर के मालिक का नाम बृजमोहन है, जो कुदुरमाल का निवासी बताया गया है।
सूत्रों का यह भी दावा है कि बीते शुक्रवार सुबह लगभग 9 बजे नाका के समीप एक सरकारी वाहन द्वारा उक्त ट्रैक्टर को छोड़े जाने का वीडियो सामने आया है। वीडियो में वाहन पर CG-03 अंकित दिखाई दे रहा है, जिसे कुछ लोग उरगा थाना का वाहन बता रहे हैं। हालांकि इस संबंध में पुलिस या प्रशासन की ओर से कोई आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है।

यदि वीडियो और आरोप सही पाए जाते हैं, तो यह सवाल खड़ा होता है कि जब जिला प्रशासन अवैध रेत परिवहन पर लगातार कार्रवाई कर रहा है, तब उरगा क्षेत्र में कथित रूप से ऐसे वाहन कैसे संचालित हो रहे हैं।
फिलहाल मामले की आधिकारिक जांच और प्रशासनिक प्रतिक्रिया का इंतजार है। आरोपों की स्वतंत्र पुष्टि होना अभी बाकी है



