कोरबा। देशभर में 15 अगस्त स्वतंत्रता दिवस बड़े उत्साह और सम्मान के साथ मनाया जा रहा है। शासकीय कार्यालयों, विद्यालयों एवं विभिन्न संस्थाओं में राष्ट्रीय ध्वज तिरंगा फहराकर स्वतंत्रता सेनानियों को श्रद्धांजलि दी जा रही है। वहीं कोरबा जिले के तहसील बरपाली अंतर्गत ग्राम सोहागपुर स्थित पटवारी कार्यालय स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर बंद पाया गया।
जानकारी के अनुसार स्वतंत्रता दिवस के दिन जहां सभी शासकीय संस्थानों में ध्वजारोहण कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे थे, वहीं सोहागपुर का पटवारी कार्यालय बंद होने से स्थानीय लोगों में नाराजगी देखी गई। ग्रामीणों का कहना है कि राष्ट्रीय पर्व पर शासकीय कार्यालय में ध्वजारोहण किया जाना चाहिए था, लेकिन कार्यालय बंद रहने से शासन के निर्देशों और राष्ट्रीय पर्व की गरिमा पर सवाल उठ रहे हैं।
ग्रामीणों ने मामले की जांच कर जिम्मेदार अधिकारियों के विरुद्ध उचित कार्रवाई की मांग की है। अब देखना होगा कि प्रशासन इस मामले को कितनी गंभीरता से लेते हुए क्या कदम उठाता है।



