फरसवानी। उरगा थाना अंतर्गत ग्राम फरसवानी के आश्रित ग्राम संजयनगर में करीब एक वर्ष पूर्व हुई चोरी की घटना का अब तक खुलासा नहीं होने से पीड़ित परिवार एवं ग्रामीणों में निराशा है।

जानकारी के अनुसार, 27 सितंबर को नवरात्रि के दौरान रात करीब 10 बजे अज्ञात चोरों ने दो घरों को निशाना बनाकर लाखों रुपये की नगदी सहित सोने-चांदी के आभूषण चोरी कर लिए थे। घटना के बाद फरसवानी निवासी भाजपा युवा मोर्चा फरसवनी मंडल के महामंत्री एवं समाजसेवी राकेश श्रीवास ने उरगा थाना पहुंचकर मामले की एफआईआर दर्ज कराई थी।
घटना को एक साल बीत जाने के बाद भी अब तक न तो चोरी का खुलासा हुआ है और न ही आरोपियों का सुराग मिल पाया है। इससे पीड़ित परिवार सहित ग्रामीणों में निराशा बनी हुई है।
ग्रामीणों का कहना है कि क्षेत्र में चोरी की घटनाओं को लेकर पहले से ही चिंता बनी हुई है। ऐसे में पुराने मामले का जल्द खुलासा होना जरूरी है, ताकि लोगों में सुरक्षा का भरोसा कायम रहे।
पीड़ित परिवार एवं ग्रामीणों ने पुलिस प्रशासन से मामले की जांच में तेजी लाकर अज्ञात चोरों की पहचान करने तथा चोरी गए सामान की बरामदगी की दिशा में जल्द कार्रवाई करने की अपेक्षा जताई है।


