कोरबा जिले में अवैध रेत उत्खनन से जुड़ा एक दर्दनाक हादसा सामने आया है। उरगा थाना क्षेत्र के ग्राम मड़वारानी में सोन नदी से रेत निकालकर लौट रहा एक ट्रैक्टर अनियंत्रित होकर पलट गया। हादसे में एक युवक की मौत हो गई, जबकि दो अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए हैं।
जानकारी के अनुसार मड़वारानी निवासी 29 वर्षीय शिवकुमार पटेल अपने साथियों के साथ ट्रैक्टर लेकर सोन नदी में रेत निकालने गया था। दोपहर में रेत लेकर लौटते समय ग्राम जरवे के पास तेज रफ्तार ट्रैक्टर अचानक अनियंत्रित होकर पलट गया।
हादसे में शिवकुमार पटेल ट्रैक्टर के इंजन के नीचे दब गया, जबकि चालक अमित कुमार समेत एक अन्य युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। घटना की सूचना मिलते ही ग्रामीण मौके पर पहुंचे और कड़ी मशक्कत के बाद घायलों को बाहर निकालकर अस्पताल पहुंचाया।
मेडिकल कॉलेज अस्पताल में जांच के बाद डॉक्टरों ने शिवकुमार पटेल को मृत घोषित कर दिया। वहीं दोनों घायलों का उपचार जारी है।
गौरतलब है कि जिले के नदी-नालों में रेत निकासी पर प्रतिबंध लगा हुआ है, इसके बावजूद अवैध उत्खनन का सिलसिला थम नहीं रहा है। इस हादसे ने एक बार फिर अवैध रेत कारोबार और उससे जुड़े जोखिमों पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।
फिलहाल उरगा पुलिस ने मर्ग कायम कर मामले की जांच शुरू कर दी है।



