सक्ती। जिले के ग्राम जोंगरा में 26 जून को हुई महिला की सनसनीखेज हत्या की गुत्थी पुलिस ने महज चार दिनों में सुलझा ली है। जांच में यह मामला प्रेम प्रसंग और सुपारी किलिंग का निकला। पुलिस ने झारखंड, महाराष्ट्र और छत्तीसगढ़ से कुल 9 आरोपियों को गिरफ्तार किया है।
पुलिस के अनुसार पूर्णिमा चौहान उर्फ पूनम की दो नकाबपोश बदमाशों ने गोली मारकर हत्या कर दी थी। मामले की जांच में तकनीकी साक्ष्य, मोबाइल लोकेशन, कॉल डिटेल और सीसीटीवी फुटेज अहम साबित हुए।
जांच में सामने आया कि मृतका का मुरलीशंकर चौहान के साथ प्रेम संबंध था। शादी का दबाव बढ़ने और पारिवारिक विवाद के चलते मुरलीशंकर तथा उसकी पत्नी चम्पा चौहान ने महिला को रास्ते से हटाने की साजिश रची। इसके लिए राजेन्द्र महंत के माध्यम से 4 लाख रुपये की सुपारी दी गई।
पुलिस के मुताबिक गौरीशंकर सिदार ने पिस्तौल से गोली चलाई, जबकि सुनील महंत उसके साथ मौजूद था। वारदात में इस्तेमाल मोटरसाइकिल सुमित गबेल ने उपलब्ध कराई थी। घटना के बाद आरोपियों को दूसरे राज्यों में फरार कराने में भी सहयोग किया गया।
पुलिस ने झारखंड के जमशेदपुर और महाराष्ट्र के पुणे सहित विभिन्न स्थानों पर दबिश देकर सभी आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। आरोपियों के कब्जे से हत्या में प्रयुक्त पिस्तौल, कारतूस, मोटरसाइकिल, मोबाइल फोन, बैंक दस्तावेज और सुपारी की रकम से बची नकदी बरामद की गई है।
गिरफ्तार आरोपियों में चम्पा चौहान, मुरलीशंकर चौहान, राजेन्द्र महंत, गौरीशंकर सिदार, सुनील महंत, राकेश महंत, वेदप्रकाश महंत उर्फ सोनू, सुमित गबेल और चंद्रशेखर महंत शामिल हैं। सभी के खिलाफ हत्या और आर्म्स एक्ट की धाराओं के तहत कार्रवाई कर न्यायालय में पेश किया गया है।



