कोरबा/करतला। स्वास्थ्य विभाग में शिकायतों के त्वरित निराकरण के दावे किए जाते हैं, लेकिन कई मामलों में जांच की रफ्तार सवालों के घेरे में नजर आती है। ऐसा ही एक मामला प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र खरवानी से सामने आया है, जहां मरीज के साथ कथित अभद्र व्यवहार की शिकायत पर जांच के आदेश जारी होने के बावजूद अब तक जांच पूरी नहीं हो सकी है।
मामला ग्राम उमरेली निवासी फलेश पाण्डेय द्वारा की गई शिकायत से जुड़ा है। शिकायत में खरवानी प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र की वार्ड आया श्रीमती सुधा चौरसिया पर मरीज के साथ विवाद, अभद्र व्यवहार और धमकी देने का आरोप लगाया गया था। शिकायत को गंभीर मानते हुए मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी (CMHO) कोरबा ने 29 अप्रैल 2026 को पत्र जारी कर खंड चिकित्सा अधिकारी करतला को मामले की तथ्यात्मक जांच कर 7 दिवस के भीतर प्रतिवेदन प्रस्तुत करने के निर्देश दिए थे।
हैरानी की बात यह है कि विभागीय पत्र में निर्धारित समयसीमा सात दिन थी, लेकिन आज 26 जून 2026 तक भी जांच पूरी होने अथवा रिपोर्ट प्रस्तुत किए जाने की जानकारी सामने नहीं आई है। इससे विभागीय कार्यप्रणाली और शिकायतों के निराकरण की प्रक्रिया पर सवाल खड़े हो रहे हैं।
यदि जांच पूरी नहीं हुई है तो देरी के कारण क्या हैं? और यदि जांच पूरी हो चुकी है तो उसकी रिपोर्ट सार्वजनिक क्यों नहीं की गई? यह ऐसे सवाल हैं जिनका जवाब स्वास्थ्य विभाग के जिम्मेदार अधिकारियों को देना चाहिए।
अब देखने वाली बात होगी कि स्वास्थ्य विभाग इस मामले में क्या कदम उठाता है और शिकायतकर्ता को न्याय दिलाने के लिए जांच रिपोर्ट कब तक सामने आती है।



