सक्ती जिले से एक सनसनीखेज वारदात सामने आई है, जहां दिनदहाड़े एक युवती की गोली मारकर हत्या कर दी गई। इस घटना के बाद पूरे इलाके में दहशत का माहौल है।
मिली जानकारी के अनुसार, सक्ती थाना क्षेत्र के जोंगरा गांव में शुक्रवार सुबह करीब 11 बजे बाइक सवार दो युवक युवती पूर्णिमा चौहान के घर पहुंचे। दोनों ने अपने चेहरे सफेद गमछे से ढक रखे थे और बाइक पर नंबर प्लेट भी नहीं थी।
बताया जा रहा है कि एक युवक घर के अंदर घुसा और परिवार वालों से पूछा – “पूर्णिमा कहां है?” इसी दौरान पूर्णिमा बाहर आई, जिसे देखते ही हमलावर ने ताबड़तोड़ तीन राउंड फायरिंग कर दी।
गोली पूर्णिमा के सिर और शरीर के अन्य हिस्सों में लगी। गोली लगते ही वह जमीन पर गिर पड़ी। फायरिंग की आवाज सुनकर परिजन बाहर पहुंचे, लेकिन तब तक आरोपी मौके से फरार हो चुके थे।
घायल युवती को डायल-112 की मदद से अस्पताल पहुंचाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
जानकारी के मुताबिक पूर्णिमा चौहान एक निजी कंपनी में कार्यरत थी। उसकी शादी रायगढ़ जिले में हुई थी, लेकिन पारिवारिक कारणों से पिछले दो वर्षों से वह अपने मायके में रह रही थी।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस के वरिष्ठ अधिकारी, फोरेंसिक टीम और जांच दल मौके पर पहुंच गए। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाल रही है और फरार आरोपियों की तलाश में नाकेबंदी की गई है।
फिलहाल हत्या के पीछे की वजह स्पष्ट नहीं हो पाई है, लेकिन पुलिस कुछ संदिग्ध लोगों से पूछताछ कर रही है। इस हत्याकांड ने पूरे क्षेत्र को झकझोर कर रख दिया है।



