कोरबा जिले के करतला जनपद अंतर्गत ग्राम पंचायत सरगबुंदिया में स्वागत गेट निर्माण का मामला अब सवालों के घेरे में है। जनपद पंचायत करतला ने 3 जून 2026 को सरपंच और सचिव को कारण बताओ सूचना जारी करते हुए तीन दिनों के भीतर निर्माण कार्य पूरा करने और पूर्णता प्रमाण पत्र प्रस्तुत करने के निर्देश दिए थे।
दस्तावेजों के अनुसार राष्ट्रीय राजमार्ग 149-बी के चौड़ीकरण कार्य के तहत स्वागत गेट निर्माण के लिए 22-09-2023 के तहत 86 हजार रुपये स्वीकृत किए गए थे, जानकारी के अनुसार वित्तीय वर्ष 2021-22 में ग्राम पंचायत सरगबुंदिया में स्वागत गेट निर्माण के लिए 86 हजार रुपए की स्वीकृति प्रदान की गई थी। कार्य पूर्ण कराने के लिए पंचायत को आरटीजीएस के माध्यम से 43 हजार रुपए का भुगतान भी किया गया था। इसके बावजूद संबंधित निर्माण कार्य अब तक पूरा नहीं कराया गया।
सबसे बड़ा सवाल यह है कि 3 जून को नोटिस जारी होने के बाद आज 24 जून हो चुकी है। यानी निर्धारित समय सीमा समाप्त हुए भी 18 दिन से अधिक बीत चुके हैं, लेकिन स्वागत गेट अब तक जमीन पर दिखाई नहीं दे रहा है।
जनपद पंचायत ने स्पष्ट चेतावनी दी थी कि कार्य पूर्ण नहीं होने की स्थिति में धारा 92 के तहत कार्रवाई प्रस्तावित की जाएगी। ऐसे में सवाल उठ रहा है कि आखिर सरपंच और सचिव ने नोटिस का क्या जवाब दिया? क्या स्पष्टीकरण प्रस्तुत किया गया? यदि किया गया तो उस पर क्या कार्रवाई हुई? और यदि जवाब नहीं दिया गया तो अब तक कार्रवाई क्यों नहीं हुई?
मामले की प्रतिलिपि कलेक्टर कोरबा और एसडीएम को भी भेजी गई थी। इसके बावजूद निर्माण कार्य अधूरा है। अब ग्रामीणों की निगाहें प्रशासन पर टिकी हैं कि आखिर शासकीय राशि प्राप्त होने के बाद भी अधूरे पड़े इस कार्य पर जिम्मेदारों के खिलाफ कब और क्या कार्रवाई की जाती है।
फिलहाल सबसे बड़ा सवाल यही है—क्या कारण बताओ नोटिस केवल कागजों तक सीमित रह गया है या फिर जिम्मेदारों पर वास्तव में कोई कार्रवाई होगी



