कोरबा जिले के हरदीबाजार क्षेत्र के निवासी विष्णु कुमार यादव ने कलेक्टर जनदर्शन में शिकायत दर्ज कराई है। शिकायत में आरोप लगाया गया है कि सुपेतपारा रेंकी और अंडीकछार स्थित धनराज अग्रवाल पेट्रोल पंप पर किसानों को ट्रैक्टर के लिए डीजल नहीं दिया जा रहा है, जिससे खेतों की जुताई प्रभावित हो रही है।
आवेदक का आरोप है कि दिन में किसानों को डीजल खत्म होने का बहाना बनाया जाता है, जबकि रात 11 बजे के बाद ट्रेलर मालिकों को फोन कर डीजल उपलब्ध कराया जाता है। साथ ही पेट्रोल पंप पर आवश्यक सुविधाओं और सुरक्षा मानकों के अभाव का भी आरोप लगाया गया है।
जनदर्शन में दिए गए आवेदन में कलेक्टर से मांग की गई है कि किसानों को पर्याप्त मात्रा में डीजल उपलब्ध कराया जाए और पेट्रोल पंप के संचालन की जांच कर आवश्यक कार्रवाई की जाए।
अब देखना होगा कि प्रशासन इस शिकायत पर क्या कदम उठाता है और किसानों को राहत कब तक मिलती है।



