कोरबा जिले के कटघोरा थाना क्षेत्र में सामने आए जली हुई महिला के शव मामले में पुलिस जांच के दौरान हत्या की वजह भी सामने आ गई है। पुलिस के अनुसार, घटना वाले दिन दोनों आरोपी महिला को अपने साथ डुमरमुड़ा क्षेत्र की ओर ले गए थे, जहां तीनों ने बैठकर शराब पी।
जांच में पता चला कि महिला और आरोपी अजय कुमार धनवार के बीच पहले से परिचय और संबंध थे। शराब सेवन के बाद दोनों के बीच शारीरिक संबंध बने। इसी दौरान दूसरे आरोपी किरण कुमार पटेल ने भी महिला के साथ उसकी इच्छा के विरुद्ध शारीरिक संबंध बनाने की कोशिश की। महिला द्वारा इसका विरोध किए जाने पर विवाद शुरू हो गया।
पुलिस के मुताबिक, विवाद इतना बढ़ गया कि दोनों आरोपियों ने मिलकर महिला की हत्या कर दी। हत्या के बाद अपनी पहचान और अपराध छिपाने के लिए आरोपियों ने शव पर पेट्रोल डालकर आग लगा दी और मौके से फरार हो गए।
कटघोरा पुलिस और साइबर टीम ने तकनीकी तथा भौतिक साक्ष्यों के आधार पर मामले की जांच करते हुए 48 घंटे के भीतर एक आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है, जबकि दूसरे आरोपी की तलाश जारी है। पुलिस का कहना है कि फरार आरोपी अजय कुमार धनवार को भी जल्द गिरफ्तार कर मामले में आगे की वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।



