कोरबा–चांपा मुख्य मार्ग पर स्थित मां मड़वारानी पहाड़ में श्रद्धालुओं की आस्था अटूट है। नवरात्रि समाप्त होने के बाद भी भक्तों के पहुंचने का सिलसिला जारी है। कोई उपवास रखकर, तो कोई कठिन पैदल यात्रा करते हुए माता के दर्शन के लिए पहुंच रहा है। लेकिन विडंबना देखिए, जिस पहाड़ पर श्रद्धालु पूरी श्रद्धा और विश्वास के साथ पहुंचते हैं, उसी रास्ते पर उन्हें बुनियादी सुविधाओं के अभाव से जूझना पड़ रहा है।
गुरुवार की रात एक परिवार उपवास रखते हुए जमीन पर लेटकर आगे बढ़ने की कठिन आस्था-यात्रा कर रहा था। अंधेरे रास्ते पर यह परिवार टॉर्च के सहारे पहाड़ की ओर बढ़ता दिखाई दिया। पूछने पर श्रद्धालुओं ने बताया कि वे लंबे समय से यहां आ रहे हैं, लेकिन लाइट, पानी और सड़क की समस्याओं का सामना लगातार करना पड़ता है। वहीं, कोरबा से पहुंची एक महिला श्रद्धालु ने बताया कि वह पिछले सात वर्षों से मां के दर्शन के लिए आ रही हैं, लेकिन रात के समय अक्सर रोशनी की समस्या देखने को मिलती है।
सबसे बड़ा सवाल यह है कि मंदिर तक पहुंचने वाले लगभग पांच किलोमीटर के रास्ते पर लगी स्ट्रीट लाइटें आखिर क्यों नहीं जल रही हैं? कहीं खंभों के बीच लाइटें अधर में लटकी दिखाई देती हैं, तो कहीं अंधेरे के कारण श्रद्धालुओं को टॉर्च का सहारा लेना पड़ता है। आसपास जंगल होने से जहरीले जीव-जंतुओं का खतरा भी बना रहता है। ऐसे में श्रद्धालुओं की सुरक्षा को लेकर जिम्मेदारी तय करना जरूरी है।

आस्था के इस प्रमुख केंद्र में जब भक्त अंधेरे में रास्ता तलाशने और पानी जैसी बुनियादी सुविधा के लिए परेशान हों, तो सवाल उठना लाजिमी है कि आखिर श्रद्धालुओं की इन समस्याओं की जिम्मेदारी कौन लेगा? क्या संबंधित विभाग, प्रशासन और मंदिर समिति इस ओर गंभीरता से ध्यान देंगे, या श्रद्धालुओं को हर बार इसी तरह की परेशानियों के बीच माता के दर्शन करने को मजबूर होना पड़ेगा?
मां मड़वारानी पहाड़ केवल धार्मिक आस्था का केंद्र नहीं, बल्कि हजारों श्रद्धालुओं की भावनाओं से जुड़ा स्थल है। ऐसे में रोशनी, पेयजल और सड़क जैसी मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध कराना प्राथमिकता होनी चाहिए, ताकि श्रद्धालु सुरक्षित वातावरण में माता के दर्शन कर सकें।



