कोरबा। जिले के भैसमा क्षेत्र में मोटरसाइकिल चोरी की घटनाएं थमने का नाम नहीं ले रही हैं। बाजार और चौक से लगातार बाइक चोरी होने की घटनाएं सामने आ रही हैं। ताजा मामला 12 नवंबर का है, जहां फैशन वर्ल्ड बूट हाउस के सामने खड़ी एक मोटरसाइकिल अज्ञात चोर चोरी कर ले गया।
थाना में एफ आई आर दर्ज अनुसार, ग्राम बेंदरकोना निवासी 26 वर्षीय विरेन्द्र कुमार रात्रे अपने दोस्त के साथ मोटरसाइकिल क्रमांक CG 12 AX 3796 (HF डीलक्स) से भैसमा फोटो खिंचाने पहुंचे थे। शाम करीब 5:30 बजे उन्होंने अपनी बाइक फैशन वर्ल्ड बूट हाउस के सामने खड़ी की और फोटो खिंचाने चले गए। करीब 6 बजे वापस लौटे तो बाइक मौके से गायब थी। आसपास तलाश करने के बाद भी मोटरसाइकिल का कोई पता नहीं चला।
पीड़ित के मुताबिक चोरी गई बाइक की अनुमानित कीमत करीब 10 हजार रुपये है। मामले में पीड़ित ने थाने पहुंचकर रिपोर्ट दर्ज कराई है। पुलिस ने अज्ञात आरोपी के खिलाफ अपराध पंजीबद्ध कर विवेचना शुरू कर दी है।
आखिर कब थमेगी बाइक चोरी की वारदातें?
भैसमा बाजार और चौक क्षेत्र में मोटरसाइकिल चोरी की घटनाएं लगातार सामने आने से स्थानीय लोगों में चिंता है। पूर्व में भी कई बाइक चोरी होने की घटनाएं सामने आ चुकी हैं। कुछ मामलों में उरगा पुलिस को सफलता जरूर मिली है, लेकिन कई घटनाओं का खुलासा अब भी नहीं हो पाया है।
ऐसे में सवाल उठता है कि क्या भैसमा क्षेत्र में पुलिस की पेट्रोलिंग पर्याप्त है? क्या बाजार और चौक जैसे व्यस्त इलाकों में निगरानी बढ़ाने की जरूरत नहीं है? आखिर कब तक वाहन मालिकों को अपनी गाड़ियां चोरी होने के डर के बीच छोड़ना पड़ेगा?
स्थानीय लोगों को उम्मीद है कि पुलिस क्षेत्र में पेट्रोलिंग बढ़ाएगी और लंबित मोटरसाइकिल चोरी के मामलों का भी जल्द खुलासा करेगी।



