कोरबा। कोरबा जिले और जांजगीर-चांपा सीमावर्ती ग्राम रींवापार पिछले लगभग 42 घंटे से अंधेरे में डूबा हुआ है। लगातार बारिश के बीच बिजली आपूर्ति ठप रहने से ग्रामीणों की परेशानी बढ़ती जा रही है। इस मुद्दे को लेकर अब क्षेत्र के विधायक प्रतिनिधि सूरज सोनी खुलकर सामने आए हैं और विद्युत विभाग को कड़ी चेतावनी दी है।
ग्रामीणों के अनुसार सोहागपुर फीडर अंतर्गत आने वाले रींवापार गांव में पिछले दो दिनों से अधिक समय से बिजली बंद है। कई बार शिकायत और संपर्क के प्रयासों के बावजूद स्थिति में कोई सुधार नहीं हुआ है। लोगों का आरोप है कि विभाग की ओर से न तो फाल्ट की जानकारी दी जा रही है और न ही बिजली बहाली का समय बताया जा रहा है।
बढ़ते जनाक्रोश के बीच विधायक प्रतिनिधि सूरज सोनी ने मामले का संज्ञान लेते हुए कहा कि ग्रामीण लगातार परेशान हैं, लेकिन विभाग की ओर से अपेक्षित गंभीरता नहीं दिखाई जा रही है। उन्होंने कहा कि यदि मंगलवार तक विद्युत विभाग ने प्रभावी कार्रवाई कर बिजली आपूर्ति बहाल नहीं की, तो ग्रामीणों के साथ मिलकर उग्र आंदोलन किया जाएगा।
सूरज सोनी ने आरोप लगाया कि क्षेत्र की विद्युत व्यवस्था लंबे समय से बदहाल है और बारिश शुरू होने के बाद भी विभाग द्वारा पर्याप्त तैयारी नहीं की गई। उन्होंने कहा कि लोगों को पेयजल, मोबाइल चार्जिंग और अन्य आवश्यक सुविधाओं के लिए परेशान होना पड़ रहा है, जो स्वीकार्य नहीं है।
ग्रामीणों ने भी मांग की है कि विभाग तत्काल फाल्ट का पता लगाकर बिजली बहाल करे और भविष्य में ऐसी स्थिति से बचने के लिए विद्युत लाइनों की नियमित निगरानी एवं पेड़ों की कटाई-छंटाई सुनिश्चित करे।
अब पूरे क्षेत्र की नजर विद्युत विभाग की कार्रवाई पर टिकी हुई है। वहीं सूरज सोनी की आंदोलन की चेतावनी के बाद मामले ने राजनीतिक और जनहित दोनों स्तरों पर गंभीर रूप ले लिया है



