कोरबा। जनपद पंचायत कोरबा के अध्यक्ष बीजमोती राठिया ने ग्राम पंचायत गेंराव की ओर से कलेक्टर कोरबा के नाम सौंपे गए शिकायत पत्र में राजस्व निरीक्षक करुणा मैत्री पर मनमाने तरीके से सीमांकन करने और ग्रामीणों सहित पंचायत प्रतिनिधियों को प्रक्रिया में शामिल नहीं करने का आरोप लगाया गया है। शिकायत में मामले की जांच कर दोबारा सीमांकन कराने की मांग की गई है।
शिकायत पत्र के मुताबिक, ग्राम पंचायत गेरांव में नवीन पीडीएस भवन स्वीकृत हुआ है, जिसका निर्माण कार्य प्रगति पर है। पत्र में उल्लेख है कि खसरा नंबर 532 में नाका क्वार्टर के साथ सामुदायिक भवन का निर्माण भी हो चुका है।
आरोप है कि पैसे लेकर राजस्व निरीक्षक द्वारा खसरा नंबर 533 का सीमांकन 14 अक्टूबर 2026 को किया गया, लेकिन इस दौरान ग्रामवासी, सरपंच, उपसरपंच, पंच और कोटवार को सूचना देकर उपस्थित नहीं कराया गया।
शिकायतकर्ताओं का दावा है कि नाका क्वार्टर और सामुदायिक भवन सहित अन्य निर्माणों की नापी खसरा नंबर 533 के भीतर कर दी गई। इसी को लेकर अब सीमांकन की प्रक्रिया पर सवाल उठाए जा रहे हैं।
शिकायत में यह भी कहा गया है कि ग्राम पंचायतों में निर्माण कार्यों के लिए बी-1, नक्शा और खसरा उपलब्ध कराने के मामले में महीनों से चक्कर काटने पड़ रहे हैं। आरोप है कि शासकीय भूमि का स्पष्ट चिह्नांकन नहीं होने से ग्राम पंचायत के विकास कार्य प्रभावित हो रहे हैं और सरपंच-सचिव सहित ग्रामीणों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।

यदि शिकायत में लगाए गए आरोप सही पाए जाते हैं, तो यह मामला केवल सीमांकन तक सीमित नहीं रहेगा, बल्कि सरकारी भूमि के चिह्नांकन और राजस्व प्रक्रिया की पारदर्शिता पर भी गंभीर सवाल खड़े करेगा।
कलेक्टर को सौंपे गए आवेदन में संबंधित राजस्व निरीक्षक के विरुद्ध उचित कार्रवाई करने और ग्रामवासी, सरपंच-सचिव तथा कोटवार की उपस्थिति में दोबारा सीमांकन कराने की मांग की गई है।
अब देखना होगा कि जिला प्रशासन शिकायत को गंभीरता से लेकर जांच कराता है या सरकारी भूमि के सीमांकन को लेकर उठे सवाल फाइलों में ही उलझकर रह जाते हैं।



