कोरबा। जिले के करतला विकासखंड अंतर्गत ग्राम औराई में शिक्षा व्यवस्था की बदहाली एक बार फिर सामने आई है। गांव का शासकीय प्राथमिक शाला भवन वर्षों से जर्जर होने के कारण ध्वस्त किया जा चुका है और वर्तमान में बच्चों की पढ़ाई वैकल्पिक व्यवस्था के तहत लोक शिक्षा केंद्र में संचालित की जा रही है। यहां पहली से पांचवीं कक्षा तक के लगभग 70 छात्र-छात्राएं मात्र दो कमरों में अध्ययन करने को मजबूर हैं।
ग्रामीणों और स्कूल से जुड़े लोगों के अनुसार बारिश के दिनों में वैकल्पिक भवन की छत से भी पानी टपकता है। भवन का प्लास्टर लगातार उखड़ रहा है और कुछ समय पूर्व छत का प्लास्टर तथा पंखा गिरने की घटना भी हो चुकी है। उस दौरान कुछ बच्चों को हल्की चोटें आई थीं। इसके बाद से पालकों में बच्चों की सुरक्षा को लेकर चिंता बढ़ गई है।
बताया जा रहा है कि वर्ष 2016-17 के आसपास गांव में नए स्कूल भवन की स्वीकृति मिली थी और निर्माण कार्य शुरू भी किया गया था, लेकिन एक दशक बीत जाने के बाद भी भवन आज तक पूरा नहीं हो सका। अधूरा निर्माण अब खंडहर में तब्दील होता जा रहा है। ग्रामीण सवाल उठा रहे हैं कि जब भवन स्वीकृत हो चुका था तो निर्माण कार्य बीच में क्यों रुक गया और जिम्मेदार एजेंसियों के खिलाफ अब तक क्या कार्रवाई की गई।
गांव के लोगों का कहना है कि यदि समय पर भवन निर्माण पूरा हो जाता तो आज बच्चों को असुरक्षित और असुविधाजनक परिस्थितियों में पढ़ाई नहीं करनी पड़ती। वहीं पंचायत सचिव से इस संबंध में जानकारी लेने पर उन्होंने बताया कि अधूरे भवन के संबंध में वसूली से जुड़े दस्तावेज प्रशासन द्वारा भेजे जा चुके हैं और आगे की कार्रवाई उच्च स्तर पर की जानी है।
सबसे बड़ा सवाल यह है कि क्या जिला प्रशासन को इस अधूरे भवन और बच्चों की वर्तमान स्थिति की जानकारी है? यदि जानकारी है तो वर्षों से लंबित निर्माण कार्य को पूरा कराने के लिए ठोस कदम क्यों नहीं उठाए गए? शिक्षा के अधिकार और बच्चों की सुरक्षा से जुड़े इस मामले में ग्रामीण अब प्रशासन से शीघ्र हस्तक्षेप और नए भवन के निर्माण की मांग कर रहे हैं।
गौरतलब है कि जर्जर भवनों को हटाकर नए और सुरक्षित स्कूल भवन निर्माण की योजनाएं जिले में संचालित की जा रही हैं, लेकिन औराई का अधूरा भवन आज भी जवाबदेही और निर्माण कार्यों की निगरानी पर सवाल खड़े कर रहा है।



