करतला। जनपद पंचायत करतला क्षेत्र में DAV मुख्यमंत्री पब्लिक स्कूल करतला की ओर जाने वाली सड़क इन दिनों बदहाली का शिकार है। सड़क पर जगह-जगह बड़े-बड़े गड्ढे हो गए हैं, जिसके कारण विद्यार्थियों, अभिभावकों, शिक्षकों और राहगीरों को आवागमन में भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।
स्थानीय लोगों का कहना है कि पूरे मार्ग में गड्ढे ही गड्ढे नजर आ रहे हैं। बारिश के दौरान इन गड्ढों में पानी भर जाने से सड़क की स्थिति और भी खतरनाक हो जाती है। ऐसे में दोपहिया वाहन चालकों के साथ-साथ स्कूल आने-जाने वाले विद्यार्थियों के लिए भी दुर्घटना का खतरा बना हुआ है।
ग्रामीणों ने आशंका जताई है कि यदि समय रहते सड़क की मरम्मत नहीं कराई गई तो कभी भी बड़ी दुर्घटना घट सकती है। खासकर स्कूल मार्ग होने के कारण यहां प्रशासन को गंभीरता से ध्यान देने की आवश्यकता है।
स्थानीय लोगों ने शासन-प्रशासन से मांग की है कि DAV मुख्यमंत्री पब्लिक स्कूल करतला मार्ग का शीघ्र निरीक्षण कर सड़क की मरम्मत कराई जाए, ताकि विद्यार्थियों और आम राहगीरों को सुरक्षित आवागमन की सुविधा मिल सके।
अब सवाल यही है कि हादसा होने से पहले जिम्मेदार विभाग इस बदहाल सड़क की सुध लेगा या फिर किसी बड़े हादसे का इंतजार किया जाएगा?



