कोरबा। कोरबा जिले की जनपद पंचायत कोरबा अंतर्गत ग्राम पंचायत तिलकेजा में अब सियासी और प्रशासनिक भूचाल आने के आसार हैं। आरोप इतने गंभीर हैं कि सुनकर आप भी हैरान रह जाएंगे। करोड़ों रुपये के विकास कार्यों की राशि में गड़बड़ी, अधूरे निर्माण, और यहां तक कि भ्रष्टाचार छिपाने के लिए पंचायत रिकॉर्ड जलाने तक के आरोप लगाए गए हैं। जनपद सदस्य किशन लाल कोसले ने पूर्व सरपंच के खिलाफ मोर्चा खोलते हुए कलेक्टर को शिकायत सौंप दी है।
तिलकेजा पंचायत में भ्रष्टाचार के आरोपों ने एक बार फिर पंचायत व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं। जनपद सदस्य किशन लाल कोसले ने पूर्व सरपंच कुलसिंह कंवर पर 14वें और 15वें वित्त आयोग की राशि में बड़े पैमाने पर कथित गड़बड़ी का आरोप लगाया है।
शिकायत में दावा किया गया है कि वर्ष 2017-18 से लेकर 2024-25 तक पंचायत को करोड़ों रुपये की राशि प्राप्त हुई, लेकिन कई कार्य केवल कागजों में ही सिमट कर रह गए। आरोप है कि निर्माण कार्यों के नाम पर राशि तो निकाल ली गई, लेकिन जमीनी हकीकत कुछ और ही कहानी बयां कर रही है।
जनपद सदस्य का आरोप है कि स्वामी आत्मानंद स्कूल रिनोवेशन सहित कई निर्माण कार्य आज भी अधूरे पड़े हैं, जबकि अधिकांश राशि का आहरण किया जा चुका है। शिकायत में करीब 3 करोड़ रुपये तक के कथित भ्रष्टाचार का उल्लेख किया गया है।
मामला यहीं नहीं रुकता। शिकायत में यह भी आरोप लगाया गया है कि भ्रष्टाचार की परतें खुलने के डर से पंचायत के महत्वपूर्ण अभिलेख और रिकॉर्ड तक जला दिए गए। यदि यह आरोप सही साबित होते हैं तो मामला केवल वित्तीय अनियमितता का नहीं बल्कि साक्ष्य मिटाने की गंभीर साजिश का भी बन सकता है।
अब जनपद सदस्य ने कलेक्टर से पूरे मामले की निष्पक्ष और उच्चस्तरीय जांच कर दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की है। शिकायत के बाद प्रशासनिक गलियारों में भी हलचल तेज हो गई है।
फिलहाल यह सभी आरोप शिकायत पत्र में लगाए गए हैं और इनकी आधिकारिक पुष्टि या जांच रिपोर्ट सामने आना बाकी है। अब सबकी निगाहें प्रशासन की कार्रवाई पर टिकी हैं कि आखिर तिलकेजा पंचायत के इस कथित करोड़ों के खेल का सच क्या है।



